समस्या(Problem)

समस्या(Problem)

कई दिनों से मैं लोगों के कुछ पोस्ट्स देख रही हूं, एवं नजरंदाज कर रही हूं। परन्तु, आज मेरा मन किया इस विषय में लिखने को तो सोचा कुछ लिखा जाए।

कुछ लोग “इंडियन गर्ल्स” के बारे में पोस्ट्स डाल रहे हैं कि दुनिया में कॉरोना वायरस का प्रकोप फैल रहा है, और हिन्दुस्तानी लड़कियों को देखो जो एक दूसरे को साड़ी चैलेंज दे रही हैं, वगैरह -वगैरह।

उन लोगों से मैं यही अर्ज़ करना चाहूंगी कि अगर वे ऐसा कुछ कर भी रही हैं तो उसमें समस्या क्या है?

ऐसा कौनसा गुनाह कर रही हैं वे?

माना कई लड़कियां या औरतें डॉक्टर नहीं हैं, तो वे देश की इस बीमारी से लड़ने में उस तरह से सहायता नहीं कर सकतीं।

माना कई लड़कियां मीडिया कर्मी भी नहीं हैं तो वे इस तरह से भी देश की कोई सहायता नहीं कर सकतीं।

यह भी माना कि कई लड़कियां पुलिस कर्मी भी नहीं हैं, तो इस तरह भी वे किसी की या देश की सहायता नहीं कर सकतीं।

इतना सबकुछ ना होने पर भी वे इंसान तो हैं ना? एवं इतना सबकुछ ना करने के बावजूद भी……

वे कोई नियम तो नहीं तोड़ रही ना?!?
वे सरकार की बातों का उलंघन तो नहीं कर रहीं ना?
सड़कों पर बाइक लेकर तो नहीं घूम रही ना?
कोरोना को फैलाने वाले कार्य तो नहीं कर रहीं ना?!?
तो फिर समस्या क्या है? जब सभी लोग अपने तरीकों से सकारात्मकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, तो उन्हें भी करने दीजिए ना ?!? इसमें समस्या क्या है?

दिनभर घर का काम करके, सबकी जरूरतों को पूरा करके, पूरे घर को, घरवालों को संभालने के पश्चात् जब वे टी. वी. ऑन करतीं हैं, तो सब जगह सिर्फ कोरॉना के बारे में सुनती हैं। सोशल मीडिया पर जाती हैं, तो भी उसी बारे में पढ़ती एवं सुनती हैं।

ऐसे में यदि वे स्वयं को सकारात्मक रखने हेतु ये छोटी छोटी चीजें कर भी रही हैं, तो इसमें लोगों को क्या समस्या है?

मुझे तो इस बात में कुछ गलत नहीं लगता। बल्कि सब तरफ से नकारात्मक खबरें सुनकर जब भी मैं बुरा महसूस करती हूं, तो इन्हीं लड़कियों की ये छोटी छोटी चीजें मेरे चेहरे पे एक प्यारी सी मुस्कान बिखेर देती हैं। वे चाहे इस समय कुछ ज्यादा ना कर पा रही हों, परन्तु, घर में रहकर, घर के लोगों से सरकार की आज्ञा का पालन तो करवा ही रही हैं।

डॉक्टर, जर्नलिस्ट एवम् पुलिस बनने के अलावा एक गृहिणी बनकर घर एवं उसके सदस्यों को हैंडल एवं मैनेज करना भी कोई आसान काम नहीं है, इसीलिए मुझे लगता है कि कुछ सम्मान, एवं आभार के तो वे भी योग्य हैं।

मैं मानती हूं, और बहुत आभारी भी हूं उन लड़कियों कि जो एक लड़की होकर, कई समस्याओं का सामना करके भी देश के लिए इतना सब कर रही हैं। परन्तु,

मैं आभारी हूं, उन लड़कियों की भी जो चाहे ये सब ना कर पा रही हो फिर भी वातावरण को हल्का एवं सकारात्मक बनाने हेतु ये छोटी -छोटी चीजें कर रहीं हैं। आप भी आभारी हो सकते हैं।

कैसे?!?

~सिर्फ अपना नज़रिया बदलकर।
~कोशिश करके देखिए अच्छा महसूस होगा।
~जय हिन्द, जय भारत।🙏🏻

Leave a Reply

Your email address will not be published.